कोटद्वार। कोटद्वार में युवा उद्यमियों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत एक दिवसीय सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला उद्योग केंद्र में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 100 उद्यमियों और युवाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम में युवा उद्यमियों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता और संभावनाओं को प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग ने बताया कि सरकार का उद्देश्य उद्यमियों को जरूरी सहयोग देकर उनके कारोबार को आगे बढ़ाना है। वहीं, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के ब्रांच मैनेजर तनुज पुंडीर ने कहा कि इस मंच के जरिए युवाओं को अपने उत्पादों की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता बढ़ाने का अवसर मिल रहा है। कार्यक्रम में पहुंचे छात्र गौरव खेतवाल ने भी इसे उपयोगी अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि इससे उद्यम स्थापित करने और उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की जानकारी मिली।
