बिलासपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने आज बिलासपुर में छब्बीसवीं राज्य स्तरीय सब-जूनियर और कैडेट जूडो चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जूडो साहस, आत्मसंयम और अनुशासन विकसित करने का माध्यम है। प्रतियोगिता में प्रदेश के सोलह जिलों के दो सौ चालीस खिलाड़ी और प्रशिक्षक भाग ले रहे हैं। राज्यपाल ने खिलाड़ियों को मेहनत करने और हार से सीख लेकर आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने जूडो में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया।
समारोह में राज्यपाल डेका ने जूडो में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले हेमवती नाग, अभिषेक जायसवाल, कुमारी शारदा गोस्वामी और योगिता मंडावी को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज्यपाल डेका ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों की खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रयास निरंतर जारी रखने की अपेक्षा की। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
