आदि कैलाश परिक्रमा रन-2.0 का शुभारंभ, 26 राज्यों के 1,100 धावक ले रहे भाग

पिथौरागढ़।  पिथौरागढ़ जिले की व्यास घाटी स्थित आदि कैलाश एवं गुंजी क्षेत्र में ‘आदि कैलाश परिक्रमा रन-2. 0’ का आज से शुभारंभ हो गया है। जोलिंगकांग से 70 किलोमीटर और गूंजी से 42 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। लगभग 4,500 मीटर की ऊंचाई पर आयोजित इस चुनौतीपूर्ण दौड़ में देशभर के धावक उत्साह के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं। विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद धावकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

इस वर्ष मैराथन में देश के 26 राज्यों के लगभग 1,100 प्रतिभागियों ने अपना पंजीकरण कराया है। जबकि पिछले वर्ष करीब 750 धावकों ने हिस्सा लिया था। 

70 किलोमीटर की मुख्य मैराथन आदि कैलाश से प्रारंभ होकर छियालेख तक जाएगी और गुंजी में समाप्त होगी। महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग आयु वर्गों में प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।  वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऑनलाइन माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आदि कैलाश क्षेत्र में आयोजित इस तरह के आयोजनों से उत्तराखंड की पहचान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इस आयोजन का उल्लेख किया था, जिसके बाद क्षेत्र के प्रति पर्यटकों और श्रद्धालुओं का आकर्षण बढ़ा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य है कि उत्तराखंड राज्य में पर्यटन को बढ़ाकर लोगों की आजीविका को समृद्ध किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *