पुलिस ने वहां संचालित मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया

जमुई (बिहार)।  जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से दो जिंदा कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं।

इस संबंध में जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि सिकंदरा थाना पुलिस चोरी के एक मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान युवक से मिली जानकारी और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने थाना क्षेत्र के मिर्चा गांव के जंगली इलाके में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने वहां संचालित मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया। मौके से दो जिंदा कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया। इस मामले में कुल तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वे अपने द्वारा बनाए गए हथियारों की आपूर्ति मुंगेर समेत कई जिलों में करते थे। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और हथियार निर्माण तथा उनकी आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *