राजस्थान पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन डीग की ओर से डीग महोत्सव-2026 का हुआ भव्य आगाज

डीग। राजस्थान पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन डीग की ओर से शनिवार, 10 अक्टूबर को डीग महोत्सव-2026 का भव्य आगाज हुआ। शहर की ऐतिहासिक विरासत, राजस्थानी लोक संस्कृति और परंपराओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित महोत्सव की शुरुआत सुबह डीग महल से निकाली गई शोभायात्रा के साथ हुई। शोभायात्रा जल महलों से रवाना होकर शहर के प्रमुख बाजारों से गुजरते हुए वापस जल महलों पहुंची। इस दौरान राजस्थानी लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्सवमय बना दिया। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर महोत्सव के शुभारंभ में भागीदारी निभाई।

डीग महोत्सव के जरिए क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक धरोहर को व्यापक स्तर पर सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। शोभायात्रा के दौरान लोक कला और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। आयोजन में स्थानीय संस्कृति के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत मेला मैदान में दमखम-कबड्डी प्रतियोगिता, मूंछ प्रतियोगिता, रस्साकशी प्रतियोगिता और राधा-कृष्ण पोशाक प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से पारंपरिक खेलों, लोक संस्कृति और क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा।

शाम पांच बजे डीग महल में ‘डीग के रंग’ कार्यक्रम के तहत रंगीन फव्वारों का संचालन किया जाएगा। वहीं, ‘जगमग डीग’ कार्यक्रम के अंतर्गत दीपदान का आयोजन होगा। इसके बाद सांस्कृतिक संध्या में राजस्थान के लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को लोक संगीत और परंपराओं से रूबरू कराएंगे। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग का उद्देश्य डीग की ऐतिहासिक धरोहर, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं को व्यापक पहचान दिलाना है। महोत्सव के माध्यम से स्थानीय कला, परंपराओं और पर्यटन स्थलों को प्रोत्साहन देने के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती देने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *