पवाणी अग्निकांड पर मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा दुख

देहरादून। उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के ग्राम पवाणी में हुए भीषण अग्निकांड पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। आग की चपेट में आने से कई आवासीय भवनों के जलकर नष्ट होने की घटना को मुख्यमंत्री ने अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है।

मुख्यमंत्री ने घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग की टीमों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करने तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, रहने की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक राहत सामग्री तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अग्निकांड से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुमन्य आर्थिक सहायता एवं राहत राशि उपलब्ध कराने को कहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। सरकार की प्राथमिकता प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने ईश्वर से सभी के सकुशल होने तथा प्रभावित परिवारों को इस कठिन परिस्थिति से उबरने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *