मानदेय बढ़ाने और नौकरी की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

देहरादून। मानदेय बढ़ाने, नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित करने और लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों के समायोजन की मांग को लेकर आउटसोर्स कर्मचारी संगठन ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। परेड ग्राउंड से निकले कर्मचारियों को पुलिस ने हाथीबड़कला चौकी के पास बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान कर्मचारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद कर्मचारी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर अपनी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

आउटसोर्स कर्मचारी संगठन के बैनर तले बड़ी संख्या में कर्मचारी परेड ग्राउंड में एकत्र हुए। यहां से उन्होंने राजपुर रोड और दिलाराम बाजार होते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। हाथीबड़कला चौकी के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर नाराजगी जताई और पुलिस के साथ उनकी तीखी बहस हुई। बाद में सभी कर्मचारी वहीं धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों का कहना था कि आउटसोर्स कर्मचारी नियमित कर्मचारियों की तरह ही पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ विभिन्न सरकारी विभागों की व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बेहद कम मानदेय दिया जा रहा है। महंगाई के मौजूदा दौर में कम आय के कारण कर्मचारियों के परिवारों का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। इसका असर उनके बच्चों की शिक्षा और भविष्य पर भी पड़ रहा है।

संगठन ने आरोप लगाया कि कई कर्मचारी पिछले 15 से 20 वर्षों से विभिन्न सरकारी विभागों में सेवाएं दे रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें बिना किसी उचित कारण और पूर्व नोटिस के नौकरी से हटा दिया जा रहा है। कर्मचारियों ने इसे अमानवीय और तानाशाहीपूर्ण रवैया बताते हुए कहा कि वर्षों तक सेवाएं देने के बाद भी उन्हें न तो उचित मानदेय मिल रहा है और न ही रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। कर्मचारियों ने मांग की कि सरकार उपनल की तर्ज पर आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए अलग निगम या कारपोरेशन गठित कर उनके समायोजन का रास्ता निकाले। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार द्वारा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए किए गए प्रयासों का उदाहरण देते हुए उत्तराखंड में भी इसी तरह की व्यवस्था लागू करने की मांग की। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से सरकारी विभागों में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों के हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। सरकार को उनकी समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए मानदेय में वृद्धि, नौकरी की सुरक्षा और समायोजन को लेकर ठोस निर्णय लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *