चकराता। जनजातीय लोकसंस्कृति, परंपराओं और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से 28 नवंबर को जनजातीय युवा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम विकासखंड चकराता के ग्वासा पुल स्थित खंड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर में सुबह 9रू30 बजे से शुरू होगा।
खंड विकास अधिकारी चकराता की ओर से जारी सूचना के अनुसार महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, पारंपरिक वेशभूषा एवं आभूषण प्रदर्शन, पारंपरिक पाक कला तथा काष्ठ कला एवं हस्तशिल्प से जुड़ी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें चकराता और कालसी विकासखंड के युवक एवं महिला मंगल दल, सांस्कृतिक दल तथा शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे।
लोकनृत्य प्रतियोगिता में 15 सदस्यीय दल वाद्य यंत्रों के साथ अपनी प्रस्तुति देगा, जबकि लोकगीत प्रतियोगिता में 10 सदस्यीय दल प्रतिभाग करेगा। पारंपरिक वेशभूषा एवं आभूषण प्रदर्शन, पाक कला और काष्ठ कला एवं हस्तशिल्प प्रतियोगिताएं एकल श्रेणी में होंगी। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले सभी प्रतिभागियों का चकराता अथवा कालसी के जनजातीय क्षेत्र का मूल निवासी होना अनिवार्य है। प्रतिभागियों को पारंपरिक वेशभूषा में ही प्रस्तुतियां देनी होंगी। लोकनृत्य और लोकगीत प्रतियोगिताओं में सीडी, टेप रिकॉर्डर अथवा अन्य रिकॉर्ड किए गए माध्यमों से प्रस्तुति देने की अनुमति नहीं होगी। प्रतिभागियों को निर्धारित दरों के अनुसार यात्रा व्यय भी दिया जाएगा। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सांस्कृतिक दलों एवं प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
