विकासनगर। लंबे समय से लंबित मांगों पर सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिए जाने से नाराज आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने आंदोलन का रास्ता अपना लिया है। शुक्रवार से विकासनगर तहसील परिसर में कार्यकत्रियों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे पहले संगठन की ओर से एसडीएम विकासनगर को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया गया।
ब्लॉक अध्यक्ष सुनीता देवी ने ज्ञापन में कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार से आग्रह करती आ रही हैं, लेकिन लगातार अनदेखी के चलते कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने प्रदेशभर में कार्यबहिष्कार और धरना-प्रदर्शन का निर्णय लिया है।
संगठन ने स्पष्ट किया है कि जब तक सरकार उनकी मांगों के संबंध में शासनादेश जारी नहीं करती, तब तक प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों में तालाबंदी कर आंदोलन जारी रखा जाएगा। कार्यकत्रियों ने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
