मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने चिन्यालीसौड़ में किया वे-साइड ईटरी का उद्घाटन

उत्तरकाशी। प्रदेश में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में स्वयं सहायता समूह लगातार नई मिसाल पेश कर रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रीप परियोजना के अंतर्गत गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर विकासखंड चिन्यालीसौड़ के नगुण बैरियर के समीप स्थापित वे-साइड ईटरी का उद्घाटन किया। सीता स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित इस केंद्र को ‘हिमालयन भोजनालय’ नाम दिया गया है।

उद्घाटन के अवसर पर मुख्य सचिव ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके व्यवसाय, आमदनी और कार्यों की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन बैरियर के पास रुकते हैं, जिससे भोजनालय में यात्रियों का नियमित आना-जाना बना रहता है। इसके अलावा समीप स्थित पार्क में शाम के समय टहलने आने वाले स्थानीय लोग भी यहां भोजन और नाश्ते का आनंद लेते हैं। इससे समूह की महिलाओं को अच्छी आमदनी हो रही है।

महिलाओं ने बताया कि रीप परियोजना के सहयोग से उन्हें भोजनालय स्थापित करने में मदद मिली। परियोजना के माध्यम से सहायता के साथ बैंक से ऋण भी उपलब्ध कराया गया, जिससे वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकीं। अब उन्हें बड़े आयोजनों और अन्य अवसरों पर भोजन तैयार करने के ऑर्डर भी मिल रहे हैं, जिन्हें वे मांग के अनुसार पूरा कर रही हैं। महिलाओं ने कहा कि इस पहल ने उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। इसके लिए उन्होंने सरकार और रीप परियोजना का आभार व्यक्त किया।

परियोजना प्रबंधक रीप ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत प्रदेशभर में इस प्रकार की वे-साइड ईटरी विकसित की जा रही हैं। सभी केंद्रों को एक समान पहचान देने के उद्देश्य से इन्हें ‘हिमालयन भोजनालय’ नाम से संचालित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को स्थानीय एवं पारंपरिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और उनकी आजीविका को मजबूत बनाना है। जिला प्रशासन की ओर से भी ऐसे रोजगारपरक मॉडलों को बढ़ावा देने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *