मोतिहारी के साईं मंदिर में बड़ी चोरी, छतरी-मुकुट ले उड़े चोर

मोतिहारी (पूर्वी चम्पारण , बिहार)।  पूर्वी चंपारण जिले के मुख्यालय मोतिहारी के मिस्कॉट मोहल्ला स्थित साईं बाबा मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। देर रात अज्ञात चोर मंदिर का दरवाजा और अंदर के दरबार की कुंडी तोड़कर साईं बाबा की चांदी की छतरी तथा भगवान गणेश का मुकुट चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान का अनुमानित मूल्य 10 से 15 लाख रुपये बताया जा रहा है। घटना की जानकारी बुधवार सुबह मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मंदिर में चोरी की खबर फैलते ही स्थानीय लोग और श्रद्धालु मौके पर जुटने लगे।

मंदिर के पुजारी अरुण पांडेय के अनुसार, बुधवार सुबह करीब पांच बजे जब वह सोकर उठे, तो मंदिर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर साईं बाबा के दरबार से चांदी की छतरी और गणेश जी का मुकुट गायब था। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी और डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात और सदर डीएसपी दिलीप कुमार भी मंदिर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस चोरी की वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपितों की पहचान करने में लगी है।

पुलिस को घटनास्थल से चोरी में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाला एक औजार भी मिला है। आशंका है कि चोर वारदात को अंजाम देने के दौरान इसे मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस इस औजार समेत घटनास्थल से मिले अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि मंदिर से एक मुकुट और बड़ी छतरी की चोरी हुई है। चोरी गए सामान की कीमत करीब 10 से 15 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, नगर निगम के उपमहापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि साईं बाबा का मंदिर लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां चोरी की घटना बेहद दुखद है। उन्होंने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता जताई।

मंदिर में चोरी की इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है। धार्मिक स्थल को निशाना बनाए जाने से लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। फिलहाल पुलिस के सामने वारदात में शामिल लोगों की पहचान करने, चोरी गए सामान को बरामद करने और घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने की चुनौती है। जांच पूरी होने के बाद ही चोरी से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *