भारतीय सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे नूंह के युवाओं को मिल रहा निःशुल्क प्रशिक्षण

चंडीगढ़। नूंह जिले के युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का अवसर उपलब्ध करवाने तथा उन्हें रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ने की दिशा में मेवात विकास अभिकरण (एमडीए) द्वारा किए जा रहे प्रयासों के उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। नीति आयोग द्वारा ‘भारतीय सेना में भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने’ संबंधी परियोजना के लिए 25.90 लाख रुपये की मंजूरी प्रदान की गई है। इस परियोजना के तहत युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती की तैयारी के लिए शैक्षणिक, शारीरिक एवं चिकित्सीय मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया जा रहा है। 

 उपायुक्त एवं सीईओ,एमडीए अखिल पिलानी ने बताया कि परियोजना के तहत ओलिव हेरिटेज फाउंडेशन, गुरुग्राम को कार्यान्वयन एजेंसी के रूप में प्रशिक्षण कार्य की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशिक्षण की अवधि छह माह निर्धारित की गई है। अब तक आयोजित दो बैचों में पहले बैच में 94 युवाओं ने नामांकन करवाया, जिनमें से 49 युवाओं ने प्रशिक्षण में भाग लिया। दूसरे बैच में 121 युवाओं ने नामांकन करवाया, जिनमें से 70 युवाओं ने प्रशिक्षण में भाग लिया। 

49 अभ्यर्थी परीक्षा में हुए शामिल, 23 ने पूरे किए सभी चरण

प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद 49 अभ्यर्थी भर्ती परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 27 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की तथा 27 अभ्यर्थियों ने शारीरिक परीक्षा भी सफलतापूर्वक पास की। इसके बाद 23 अभ्यर्थियों ने चिकित्सीय परीक्षा भी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर ली है। इस प्रकार 23 अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया के सभी चरण पूरे कर लिए हैं और अब अंतिम मेरिट सूची घोषित होने की प्रतीक्षा है। इन 23 अभ्यर्थियों में फरहान खान, दिलशाद, सज्जन, मोहम्मद आदिलशान, साहिल, शाहजहां, जैद खान, मोमिन, विकास, अफजल खालिद, सलमान, सोहैल, साजिद शकील, अनवर, मोहम्मद जैद, नावेद, मोहम्मद नाजिस, वारिस खान, सुल्तान, आदिल नूरा, शाह आलम, नौशाद तथा अकीब शामिल हैं। ये अभ्यर्थी जिले के विभिन्न गांवों एवं क्षेत्रों से हैं। 

*लिखित परीक्षा के साथ शारीरिक दक्षता पर भी दिया गया विशेष जोर*

प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत युवाओं को भारतीय सेना भर्ती प्रक्रिया के विभिन्न चरणों के अनुरूप समग्र तैयारी करवाई गई। लिखित परीक्षा के लिए गणित, अंग्रेजी, विज्ञान एवं तर्कशक्ति जैसे विषयों की तैयारी करवाई गई। वहीं शारीरिक परीक्षा के लिए सहनशक्ति, ताकत, संतुलन, लंबी दूरी की दौड़, तेज दौड़, बीम पुल-अप, लंबी कूद तथा जिग-जैग बैलेंस बीम जैसी गतिविधियों का नियमित अभ्यास करवाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *