प्रदेश में मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए चलाया जाएगा विशेष अभियान

देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रदेश में मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सचिवालय में प्रेस कॉफ्रेंस कर इस अभियान के बारे में जानकारी दी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में 8 से 10 अक्टूबर तक सभी 12,543 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी विशेष कैंप कर प्री-एसआईआर एवं एसआईआर अभियान के तहत एएसडीडी सूची में शामिल मतदाताओं का सत्यापन कर पात्र मतदाताओं की सूची तैयार करेंगे। इसके बाद 12 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक बीएलओ घर-घर जाकर फार्म 6 भवाएंगे। 

इस अभियान में राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट और बूथ अवेयरनेस ग्रुप के सदस्यों को भी शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा बीएलओ वर्तमान मतदाता सूची का प्री-एसआईआर से पहले की सूची से मिलान करेंगे। वे ऐसे मतदाताओं की पहचान करेंगे जिनके नाम एसआईआर से पहले की सूची में शामिल थे, लेकिन मौजूदा सूची में नहीं हैं। बीएलओ चिन्हित मतदाताओं के घर-घर जाकर उनकी मौजूदा स्थिति का पता लगाएंगे और जो लोग योग्य पाए जाएंगे, उनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल करने के लिए फॉर्म 6 भरवाने में मदद करेंगे। जो एक अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर मतदाता बनने के लिए पात्र हो रहे हैं उनके भी फॉर्म 6 भरे जाएंगे।  बीएलओ इस सूची को मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स के साथ साझा करेंगे। इस प्रक्रिया के आखिर चरण में ईआरओ बूथवार सूची को राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी साझा करेंगे, ताकि उन्हें छूटे हुए मतदाताओं का नाम सूची में शामिल करवाने का एक और अवसर मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *